जिले भर में बुधवार को करवा चौथ पर्व परपंरागत ढंग से मनाया गया। पति की दीर्घायु की कामना के लिए सुहागिनों ने करवाचौथ का व्रत रखा। घर में पकवान बनाए और शाम को सजधज कर चांद को अर्घय देकर व्रत का परायण किया।
करवाचौथ पर्व को लेकर कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। बुधवार को सुहागिनों ने करवाचौथ व्रत रखा। घरों में पूरे दिन शाम की होने वाली पूजा की तैयारियां चलती रहीं। पकवान बनाने के साथ पूजा का सामान सजाया और खुद भी तैयार होकर चंद्र दर्शन का इंतजार किया। इधर देर शाम तमाम लोग छतों पर चढ़कर चांद निकलने का इंतजार करते देखे गए। चांद निकलते ही हर तरफ बधाईयां का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने चांद को अर्घय देकर मां गौरी की पूजा अर्चना की। इसके बाद पति एवं घर के अन्य बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद महिलाओं ने अन्न जल ग्रहण कर व्रत का परायण किया।
पूरनपुर। सुहागिनों ने पति की दीर्घायु की कामना का व्रत रखा। शाम को पूजा अर्चना कर चंद्रमा को अध्र्य देने के साथ पति दर्शन के बाद व्रत का परायण किया। पर्व को लेकर बुधवार को बाजार मेें खासी गहमा-गहमी रही।
बीसलपुर। नगर समेत पूरे तहसील क्षेत्र में करवाचौथ पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने व्रत रहकर देर रात में चंद्रमा का दर्शन कर व्रत का परायण किया और पति की दीर्घायु होने की कामना की। पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह देखा गया। इसके चलते बाजार में खासी भीड़ भाड़ रही।
बाजार में शाम तक रही खासी चहल पहल
पीलीभीत। करवा चौथ पर्व को लेकर बुधवार को बाजार में काफी चहल पहल रही। शहर के चूड़ी मार्केट, ब्यूटी पार्लर व कॉस्मेटिक्स शॉप पर पूरे दिन भीड़भाड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ चूड़ी मार्केट में रहीं। ब्यूटी पार्लरों पर भी मेहंदी लगवाने वालों के पहुंचने का सिलसिला शाम तक चलता रहा। वहीं साड़ी की दुकानों, बुटीक आदि पर महिलाओं का तांता लगा रहा।