शेरपुर कलां के प्राथमिक विद्यालय में अखबार पढ़ते बच्चे। स्रोत विभाग
पीलीभीत। जिलाधिकारी की पहल पर शुरू किए गए रीडिंग अखबार अभियान के तहत स्कूली बच्चों को समाचार पत्र पढ़ाकर समसामयिक घटनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से छात्रों में ज्ञान और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है।
ब्लॉक पूरनपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शेरपुर कलां नंबर दो में शनिवार को रीडिंग अखबार गतिविधि के तहत छात्रों ने समाचार पत्र पढ़कर देश-दुनिया की ताजा खबरों की जानकारी हासिल की। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अखबार पढ़ने के अनुभव को रोचक बताया। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को वर्तमान घटनाओं से जोड़ना और उनके सामान्य ज्ञान को बढ़ाना है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक वासुदेव यादव ने छात्रों को नियमित रूप से अखबार पढ़ने के लिए प्रेरित किया।