गजरौला। थाना क्षेत्र के माधोटांडा रोड स्थित देवीपुरा गांव के पास बृहस्पतिवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर तीन दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने से बालाजी ऑटो सर्विस की दुकान में सर्वाधिक नुकसान हुआ। दुकान स्वामी प्रोसेनजीत चौधरी ने बताया कि रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब छह बजे आग लगने की सूचना मिली, लेकिन मौके पर पहुंचने तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। उन्होंने करीब दो लाख रुपये से अधिक के नुकसान की बात कही है। आग की लपटों ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया, इससे वहां रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की सूचना स्थानीय थाने में दे दी गई है और पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। संवाद