बरखेड़ा/गजरौला (पीलीभीत)। जनपद में बाघ-तेंदुओं के अलावा सियार भी दहशत का सबब बने हुए हैं। रविवार रात से लेकर सोमवार सुबह तक दो गांव में सियारों ने हमलाकर तीन लोगों को घायल कर दिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों को पीटकर मार डाला। अफसरों ने सिर्फ एक सियार की मौत की पुष्टि की है।
पहली घटना बरखेड़ा क्षेत्र के गाजीपुर कुंडा में हुई। रविवार रात करीब नौ बजे गांव में चल रहे रामलीला महोत्सव मेले में एक सियार घुस गया। जिससे यहां भगदड़ मच गई। सियार ने हमलाकर पुरनापुर गांव निवासी प्रेमशंकर (40) व रम्पुरा नत्थु निवासी प्यारे लाल (55) को घायल कर दिया। इस पर भीड़ ने सियार को घेर लिया और लाठी डंडों से बुरी तरह पीट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
घायलों ने बरखेड़ा सीएचसी पहुंचकर उपचार कराया। जानकारी के बाद वन विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना गजरौला क्षेत्र के मुडेला खुर्द गांव में सोमवार सुबह करीब तीन बजे हुई। गांव निवासी छोटेलाल (60) शौच करने के लिए आबादी के निकट गए थे। इस दौरान एक सियार ने उनपर हमला कर दिया। जिससे वह जमीन पर गिर गए। सियार ने उनके मुंह को बुरी तरह जख्मी कर दिया।
शोर शराबे पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वृद्ध को बचाया। बाद में भीड़ ने सियार को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सियार के शव को नहर किनारे दबा दिया। घटना की जानकारी के बाद डायल 112 के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया।
000
बरखेड़ा में ग्रामीणों पर हमले के बाद सियार की पिटाई से मौत होने का मामला संज्ञान में आया है। सियार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। गजरौला क्षेत्र में हुई घटना की जानकारी कराई जा रही है।
- मनीष सिंह, डीएफओ
घायल प्रेमशंकर।स्रोत:ग्रामीण