पीलीभीत। शहर में मंगलवार को जुलूस-ए-गौसिया निकाला जाएगा। इसको लेकर पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। दो एएसपी समेत करीब एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया गया है। इसके अलावा नौ स्थानों पर बेरिकेडिंग की गई है। सोमवार को एएसपी, सिटी मजिस्ट्रेट समेत अफसरों ने चिह्नित मार्गों पर भ्रमण कर स्थिति को परखा।
शहर के हशमत नगर से सुबह 10 बजे जुलूस का आगाज किया जाएगा। जुलूस को लेकर शहर को पांच जोन, 15 सेक्टर में बांटा गया है। पूर्व में हुए विवादों को देखते हुए इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के मोहल्ला पंजाबियान, गुरुद्वारा रोड, फीलखाना, धुनो वाला चौराहा, मदीनाशाह, लाल रोड, शाहजी मियां मजार, छोटी मार्केट पर बेरीकेडिंग की गई है।
जूलुस को लेकर दो एएसपी, सात सीओ, 21 थाना प्रभारी के अलावा काफी संख्या में फोर्स तैनात किया जाएगा। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी को प्रभारी बनाया गया है। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि जुलूस को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त फोर्स को लगाया गया है।