छह स्थानों पर कराई जाएगी वाहनों की पार्किंग, रहेगा सख्त पहरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा स्थल की तैयारियों को पूरा करने में जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारी जुटे हैं। शहर के ड्रमंड कॉलेज में टेंट लगाया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के घरों का सत्यापन और पार्किंग व्यवस्था भी तय की जा रही है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के चलते एसपीजी टीम भी पीलीभीत पहुंच गई है। टीम ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर विस्तृत बातचीत की। सुरक्षा के चलते एलआईयू और स्थानीय पुलिस की टीमें सभास्थल के आसपास लगभग 250 घरों का सत्यापन कर चुकी हैं।
घर में रहने वाले किरायेदारों की विस्तृत जानकारी ली जा रही है। साथ ही सभास्थल से लेकर हेलीपैड तक सड़क किनारे के घरों का सत्यापन कराया जा रहा है। शहर के रामलीला मैदान, एलएच शुगर फैक्टरी मैदान, माधोटांडा मार्ग पर क्राॅसिंग के पीछे, रामा इंटर कॉलेज और गांधी स्टेडियम को पार्किंग बनाया जाएगा।
सभास्थल पर प्रवेश के लिए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के गांधी स्टेडियम मार्ग पर बाउंड्री को तोड़कर तीन गेट बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पीछे की ओर हॉस्टल के समीप स्थित गेट से भी जनता को इंट्री दी जाएगी। टनकपुर हाईवे स्थित ड्रमंड कॉलेज के गेट को पूरी तरह से वीआईपी के लिए बंद रखा जाएगा।