जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीएसए कार्यालय के तीन कर्मचारियों को डेंगू ने चपेट में ले लिया है। इनमें एक कर्मचारी की पत्नी व दो बच्चों को भी डेंगू के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में करीब एक माह से डेंगू तेजी से पैर पसारता जा रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग इससे इंकार करता आ रहा है। तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में भर्ती मरीजों की तादाद भी बढ़ती जा रहा है। बीएसए कार्यालय के नजाकत खां को कुछ दिन पूर्व तेज बुखार ने चपेट में ले लिया था। हालत बिगड़ने पर जांच कराई गई। जांच में डेंगू की पुष्टि की गई है। इसके अलावा बीएसए कार्यालय के वरिष्ठ सहायक व मोहल्ला खकरा निवासी सौरभ सक्सेना, उनकी पत्नी पूनम सक्सेना, 12 वर्षीय पुत्र वैभव व 11 वर्षीय तनिष को दो दिन पूर्व तेज बुखार ने चपेट में ले लिया। हालत बिगड़ने पर चारों को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों में डेंगू की पुष्टि की है। बीएसए कार्यालय में तैनात जिला समन्वयक एमडीएम व बरेली निवासी फुरकान को भी डेंगू की आशंका के चलते एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, शहर के मोहल्ला खैरुल्लाशाह निवासी मोहम्मद शफी कादरी के 18 वर्षीय पुत्र नजम व नकटादाना कॉलोनी निवासी हनी को भी तेज बुखार के चलते जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। इन मरीजों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं।