नवंबर से शुरू हो रहे पर्यटन सीजन में इस बार पर्यटक अपने वाहनों से जंगल की सैर नहीं कर सकेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से किराए पर जिप्सी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही बिना गाइड के भी जंगल में जाने पर प्रतिबंध रहेगा। यह जानकारी वन संरक्षक ने टाइगर रिजर्व मुख्यालय सभागार में हुई बैठक में दी।
बुधवार को वन संरक्षक वीके सिंह ने वन अधिकारियों, पर्यावरण और वन्यजीव प्रेेमियों, स्वयंसेवी-शैक्षिक संस्थाओं, होटल और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के साथ बैठक की। वन संरक्षक ने 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुल रहे टाइगर रिजर्व की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जंगल को सुरक्षित और संरक्षित रखने के लिए सहूलियतें बढ़ाने के साथ कुछ सख्त कदम भी उठाए जा रहे हैं। इस बार जहां निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी वहीं जंगल को पॉलीथिन तथा कचरा मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए पर्यटकों को एंट्री के समय नाममात्र का शुल्क लेकर एक कैरी बैग दिया जाएगा। वापसी में खाली बोतल, डिब्बा, पॉलीथिन एवं अन्य कचरा भरकर इस बैग को वापस करने पर जमा की गई धनराशि वापस कर दी जाएगी। जंगल में भ्रमण का समय भी निर्धारित किया जाएगा।
वृहद रूप में मनेगा वन्यजीव सप्ताह
एक अक्तूबर से शुरू हो रहे वन्यजीव सप्ताह को इस बार वृहद स्तर पर मनाया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। पहले दिन रैली, इसके बाद प्रतियोगिताएं और गोष्ठी सहित कई कार्यक्रम होंगे। सप्ताह के तहत सबसे ज्यादा जोर शहर को पॉलीथिन मुक्त करने के प्रति लोगों को जागरूक करने पर रहेगा।