शादी के तीन दिन बाकी थे। इसी बीच घूमने निकला दूल्हा रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। सुनगढ़ी पुलिस ने उसके पिता की ओर से गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि कोई युवती तो शहर से गायब नहीं हुई है।
इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी 20 वर्षीय राजू सोनकर की 26 अप्रैल को शादी है। दूल्हे और दुल्हन के घर शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी है। दूल्हे के पिता की ओर से लिखाई गई गुमशुदगी में कहा गया है कि 23 अप्रैल की शाम उनका पुत्र राजू सोनकर घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा, जिससे परिवारवाले परेशान हो गए। घरवालों ने रिश्तेदारों सहित कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। दोस्तों के घर भी जानकारी की। दूल्हे के रहस्यमय ढंग से गायब होने से उसके और दुल्हन के घरवाले परेशान हैं।