पीडब्ल्यूडी वनकटी सहित जिले की चार सड़कों का पुनर्निर्माण कराएगी। इसके लिए शासन से तीन करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। जल्द इस पर काम शुरू कराया जाएगा। योगी सरकार ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। नव निर्वाचित विधायक भी सड़कों का जाल बिछाने के लिए हर संभव प्रयास की बात कह रहे हैं। इसके तहत जिले की कई सड़कों को पीडब्ल्यूडी इन दिनों गड्ढा मुक्त करने में जुटी हैं। इसके अलावा जिले की चार सख्ता हाल सड़कों की मरम्मत के लिए भी शासन ने धनराशि जारी की है। इसमें पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा के गृहग्राम टाहपोटा होते हुए पंडरी जाने वाला मार्ग भी शामिल है। सिविल पुलिस चौकी से वनकटी जाने वाले करीब 6.7 किलोमीटर लंबे मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 52.76 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इसके अलावा पूरनपुर क्षेत्र में शेरपुरकलां होते हुए धनाराघाट तक करीब 11 किमी के मार्ग के लिए 1.40 करोड़, पूरनपुर के ही सांसद आदर्श गांव गुलड़िया भूपसिंह से सिरसा जंगल में स्थित इकोत्तरनाथ आने वाले 4.7 किमी मार्ग के लिए 43.48 लाख और सिकराना से पिपरगहना मार्ग के लिए 53 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता प्रदीप रस्तोगी ने बताया कि इन मार्गों पर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।