पीलीभीत। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते भट्ठा स्वामी ने लगभग एक एकड़ भूमि में मानक से अधिक गहराई तक मिट्टी का खनन करा लिया। बारिश होने के बाद गड्ढे में पानी भरा तो बच्चे उसमें नहाने पहुंच गए और जान गंवा दी। जब भी इस तरह का कोई हादसा होता है, तब जिम्मेदार जांच कर कार्रवाई की बात कहते हैं, लेकिन फिर सब कुछ पहले की तरह ही चलने लगता है।
सबसे बड़ी बात तो यह है कि जिले भर में भट्ठा संचालक यही खेल कर रहे हैं। वे खेती वाली जमीन खरीदकर खनन विभाग से मानक के अनुरूप मिट्टी खनन की अनुमति ले लेते हैं, लेकिन बाद में सांठगांठ कर मानक से कई गुना ज्यादा गहराई तक खनन कर लेते हैं। इन गहरे गड्ढों से कई बार हादसे हुए हैं, लेकिन अवैध खनन पर रोक आज तक नहीं लग पाई है।
हलका लेखपाल को अवैध खनन की जानकारी रहती है, लेकिन वे भी चंद रुपये की खातिर लोगों की जिंदगियों को दांव पर लगा देते हैं। मंगलवार को इसी तरह के एक गड्ढे में एक ही परिवार के तीन बच्चों के डूबने से मौत हो गई। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी अवैध खनन करने वाले भट्ठा संचालकों पर कार्रवाई के प्रति गंभीर होने के बजाय खुद को बचाने की कोशिश में लगे हैं।