आरोपियों के खिलाफ घुंघचाई थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने गांव चंदोखा ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा पहुंची टीम से अभद्रता कर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। विरोध के चलते टीम को बैरंग होना पड़ा। जेई उमेश कुमार ने घुंघचाई पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों पर अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। एसडीओ (बिजली) प्रवीन कन्नौजिया ने बताया कि बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने का अभियान चल रहा है। सोमवार को जेई उमेश कुमार, अभिषेक कुमार के नेतृत्व में टीम को घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव चंदोखा ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा भेजा गया। गांव निवासी सोनपाल से टीम ने बकाया बिजली बिल 27 हजार जमा करने को कहा। बकाया न देने पर कनेक्शन काटने की कोशिश की गई। एसडीओ ने बताया कि कुछ लोगों ने टीम से अभद्रता कर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जान से मारने की धमकी दी। इस पर टीम बगैर बकाया वसूले और कनेक्शन काटे ही लौट आई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ घुंघचाई पुलिस को तहरीर दिलवाई गई है। टीम में जेई उमेश कुमार, अभिषेक कुमार, संविदा कर्मचारी मुकेश कुमार, राघवेंद्र कुमार, अनूप कुमार आदि थे।