प्रेसवार्ता को संबोधित करते प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी। संवाद
पीलीभीत। भाजपा कार्यालय पहुंचे पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर कहा कि जिन्होंने देश में आपातकाल लगाया, उनके वारिस आज देश में संविधान का प्रतीक लेकर लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं।
बुधवार को भाजपा ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ को काले अध्याय के रूप में मनाया। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि कांग्रेस ने 25 जून 1975 को जो कृत्य किया था, उसका काला दिवस आज हम लोग मना रहे हैं।
तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जिस प्रकार देश में आपातकाल लगाया, उसको याद कर देश आज भी सहम जाता है। कितने निहत्थे लोग जेल भेज गए। कितने लोग बेवजह मारे गए। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि आपातकाल लगाने वालों के वारिस आज देश में संविधान का प्रतीक लेकर लोकतंत्र की दुहाई दे रहे है।
इसके विपरीत 11 वर्षों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिन-रात एक कर देश को विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बना दिया है। उन्होंने जिले के 20 लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित भी किया। सम्मानित किए जाने वालों में सरयू प्रसाद रस्तोगी, तौसीफ अहमद, मोहम्मद मियां, प्रमोद अग्रवाल, डॉ. सुधीर मिश्रा, डॉ. वीरेंद्र गंगवार, डॉ. योगेश मिश्रा, डॉ. वीरेंद्र बहादुर सिंह, राजीव अग्रवाल, डॉ. धीरेंद्र सिंह चौहान, पूरन लाल गंगवार, राम कृष्ण, रामचंद्र लाल, कैलाश चंद्र आदि शामिल रहे।