पूरनपुर। शेरपुरकलां में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में चोर सोमवार को रात में सात फुट लंबी सुरंग बनाकर घुस गए। चोरों ने स्ट्रांग रूम का एक गेट खोल लिया। उसका शीश तोड़ दिया। मगर स्ट्रांग रूम में रखे कैश तक नहीं पहुंच सके। पुलिस की फील्ड यूनिट ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर जांच की। डॉग स्क्वॉड भी पहुंचा। खोजी कुत्ता सुरंग को सूंघने के बाद बैंक शाखा के पीछे आबादी में करीब पांच सौ मीटर दौड़कर एक निर्माणाधीन भवन के पास रुक गया। पुलिस ने मालिक और निर्माण कार्य कर रहे दो मजदूरों से घटना को लेकर पूछताछ की है। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना का शीघ्र खुलासा कराने के निर्देश सीओ को दिए। गश्त में लापरवाही बरतने पर दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मंगलवार को सुबह करीब सात बजे तब हुई। जब सफाईकर्मी गांव शेरपुरकलां निवासी अरविंद कुमार बैंक शाखा के ताले खोलकर सफाई करने के लिए अंदर घुसा। अरविंद ने बताया कि घटना की जानकारी उसने मोबाइल पर शाखा मैनेजर नवीन प्रसाद टम्टा, सहायक मैनेजर मिथुन गंगवार और पुलिस को दी साथ ही बैंक शाखा में ताले डालकर बंद कर दिया। करीब साढ़े नौ बजे बैंक स्टाफ और सहायक मैनेजर मौके पर पहुंचे। सवा 10 बजे कोतवाल, सीओ के पहुंचने पर शाखा को खोलकर पुलिस ने जांच की। सहायक मैनेजर मिथुन ने बताया कि चोरों ने बैंक शाखा के पश्चिम की ओर खाली पड़ी जगह से करीब सात फुट लंबी सुरंग बनाकर प्रवेश किया। चोरों ने स्ट्रांग रूम तक पहुंचने को स्ट्रांग रूम के एक गेट का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। मगर दो अन्य गेट होने पर चोर स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंच सके। शाखा में चोरी नहीं हो सकी। सीओ, कोतवाल ने सभी बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। फील्ड यूनिट की टीम और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची। खोजी कुत्ता सुरंग में जाकर बैंक शाखा के पीछे करीब पांच सौ मीटर दौड़कर एक निर्माणाधीन मकान के पास रुक गया। पुलिस ने मकान मालिक और निर्माण कर रहे दो लोगों से पूछताछ की है।
गश्त में लापरवाही पर दो सिपाही निलंबित
गश्त में लापरवाही पर आरक्षी दीपक कुमार और अक्षय तोमर को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही जिले भर के थाना प्रभारियों से कहा गया है कि वे अपने क्षेत्रों में बैंकों की सुरक्षा के प्रति सतर्कता बढ़ाएं। बैंकर्स क साथ संवाद करके सुरक्षा के एहतियाती इंतजाम पुख्ता कराएं।
बैंक के कैमरे पड़े हैं खराब
जांच के लिए बैंक पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग दिखाने को कहा। तब सहायक शाखा प्रबंधक मिथुन ने पुलिस को बताया कि बैंक शाखा कैमरे शुक्रवार से ही काम नहीं कर रहे हैं। इसकी शिकायत शुक्रवार को ही की गई थी। सोमवार को इंजीनियर आने को थे। मगर नहीं आए।
बैंक की दीवार काटने को कटर का भी चोरों ने किया प्रयोग
बैंक की जिस दीवार में सुरंग बनाई गई थी। ठीक उसके ऊपर दीवार में कटर से काटने का ताजा निशान था। इससे पुलिस का अनुमान है कि चोरों ने पहले दीवार को कटर से काटने की कोशिश की।
पहले भी बैंक शाखा में चोरी के हो चुके प्रयास
करीब छह साल पहले इसी बैंक शाखा में ताले तोड़कर चोरों ने चोरी की कोशिश की गई थी। जब शाखा समीप के पुराने भवन में थी। तब पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की थी। मगर उसका अब तक खुलासा नहीं हो सका। इसके अलावा नगर के पंजाब नेशनल बैंक शाखा, बड़ौदा बैंक के शाखाओं में भी पहले चोरी के प्रयास की घटनाएं हुई थी। मगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद खुलासा नहीं कर सकी।
एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
निरीक्षण को पहुंचे एसपी दिनेश कुमार ने सीओ को शीघ्र घटना के खुलासा के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एसपी से मिली महिलाओं ने हिरासत में लिए लोगों को निर्दोष बताया। तब एसपी ने कहा कि अगर निर्दोष हैं तो जांच के बाद छोड़े जाएंगे। दोषियों पर ही कार्रवाई होगी।
गश्त को रात में पहुंची थी पुलिस
शेरपुरकलां में बैंक शाखा के बाहर दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहती है। मगर शोर है कि ड्यूटी पर पहुंचने वाले अधिकांश पुलिसकर्मी बैंक के रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर खिसक जाते हैं। रात करीब 12 बजे पुलिस गश्त करने को पहुंची थी। पिछली बार बैंक शाखा में हुए चोरी के प्रयास पर दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रात को भी लगती है।
बैंक शाखा में चोरी की कोशिश पर तहरीर पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। घटना के खुलासे के लिए टीम बनाई गई है। शीघ्र ही घटना का खुलासा होगा।
- वीरेंद्र विक्रम, सीओ