किसानो से बातचीत करते डीडी कृषि के साथ एआर कॉपरेटिव। स्रोत : विभाग
घुंघचाई। खाद के लिए किसानों को धक्का-मुक्की करनी पड़ रही है। दिलावरपुर की साधन सहकारी समिति पर खाद आने की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में किसान पहुंच गए। पहले खाद पाने को लेकर किसानों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। यह देख सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को लाइन में लगवाकर खाद का वितरण कराया।
इन दिनों यूरिया के लिए किसानों को भटकना पड़ रहा है। दिलावरपुर की साधन सहकारी समिति से कई गांवों के किसान जुड़े हैं। मंगलवार को खाद की गाड़ी आने की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में किसान समिति पर पहुंच गए। पहले खाद लेने को लेकर किसानों में धक्का-मुक्की होने लगी। बिक्री शुरू होते ही हंगामा होने लगा।
खाद वितरण में परेशानी होने पर समिति के सचिव ने घुंघचाई थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाकर लाइन लगवाया और खाद का वितरण कराया। किसान और महिला खाताधारक कड़ी धूप में घंटों लाइन में खाद पाने के लिए खड़े रहे। कई किसानों को देर शाम तक खाद नहीं मिल सकी। समिति के सचिव मुनीश दीक्षित ने बताया कि खाद उपलब्ध हो गई है। किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा है।