पूरनपुर। शारदा नदी के पार गांव नहरोसा के समीप किसान पर हमला करने वाले बाघ की तलाश के लिए तीन और कैमरे लगाए गए हैं। अब कैमरों की संख्या 11 हो गई है। बाघ की लोकेशन जानने के लिए टीमें लगातार कोशिश में जुटी हुई हैं। रविवार को गांव श्रीनगर और आजाद नगर के समीप खेतों में बाघ देखे जाने का शोर मचा। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को मौके पर तेंदुए के पगचिह्न मिले।
शारदा नदी के पार गांव नहरोसा के समीप पिछले कई दिनों से बाघ की चहलकदमी से किसान खेतों में जाने से कतरा रहे है। बाघ ने दो अक्तूबर को गांव नहरोसा निवासी इसरार पर उस समय हमला कर लहूलुहान कर दिया था, जब वह गांव के समीप खेत किनारे घास काट रहे थे।
गांव कबीरगंज के समीप बाघ ने आठ अक्तूबर को खेत में गन्ने की पत्ती तोड़ रहीं गांव निवासी रामाशंकर की पत्नी आरती देवी पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। आरती देवी को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया। आरती देवी की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। हमलावर बाघ को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा भेजा गया है।
रविवार को गांव आजादनगर और श्रीनगर के समीप खेतों में बाघ देखे जाने का शोर मचने की सूचना पर संपूर्णानगर रेंज की टीम मौके पर पहुंची। टीम को वहां पर तेंदुए के पदचिह्न मिले। बाघ की तलाश में टीमेंं लगातार जुटी हुई हैं। तीन कैमरे और बढ़ाए गए हैं।
रविवार को गांव आजादनगर और श्रीनगर के समीप बाघ देखे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर टीम को भेजा गया। टीम को बाघ तो नहीं तेंदुए के जरूर पगचिह्न मिले हैं।
- अनिल कुमार, रेंजर, संपूर्णानगर