पीलीभीत/बीसलपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खांडेपुर के मेले में दवाएं कम पड़ गईं। इसपर मरीजों व उनके तीमारदारों की चिकित्सकों से तीखी नोकझोंक हुई। वहीं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शराबी युवक के हंगामा काटने के वजह से मेले का कामकाज आधे घंटे तक बाधित रहा।
जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। बीसलपुर तहसील क्षेत्र के गांव खांडेपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. पराग अग्रवाल ने 41 मरीज देखे। फार्मासिस्ट की नियुक्ति न होने के कारण वहां पर लैब टेक्नीशियन गोवर्धन लाल ने मरीजों को नाममात्र को दवाई दी।
मेले में दवाओं की कमी के चलते वहां पहुंचने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों की डॉ. पराग अग्रवाल से तीखी नोकझोंक हुई। उनका कहना था कि कि जब उनके पास दवाई नहीं है, तब मेले में क्यों आ गए। डॉक्टर के काफी समझाने के बाद मरीज शांत हुए। वहीं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेले में डॉ. आशीष अग्रवाल और डॉ. सविता विद्यार्थी ने 52 मरीज देखे।
फार्मासिस्ट अमित सिंह ने मरीजों को दवाई दी। इस मेले में एक शराबी ने बिना पर्चा बनवाए ही डाॅ. सविता विद्यार्थी को अपनी बीमारी बताने का प्रयास किया। डॉक्टर ने कहा कि पर्चा बनवा लो, उसके बाद उनकी बात सुन ली जाएगी और दवाई भी दे दी जाएगी। शराबी पर्चा बनवाने को तैयार नहीं हुआ और बहस करने लगा।
डॉक्टर ने शराबी को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन जब वह नही माना, तब डॉक्टर ने पुलिस बुलाने की बात कही। पुलिस बुलाने की बात कहते ही शराबी बिना दवाई लिए चला गया। हंगामे के कारण मेले का कामकाज आधा घंटा तक बाधित रहा। सीएचसी प्रभारी लेखराज गंगवार ने बताया कि फार्मासिस्ट पिछले एक साल से नहीं है। जिला मुख्यालय से फार्मासिस्ट ही दवाएं लाता है। चिकित्सक के डिमांड पर ही दवाएं आती हैं। इसके चलते कुछ ही दवाएं आ पाती है। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
-
पूरनपुर : महिला चिकित्सक की ड्यूटी न होने से लौटीं मरीज
पूरनपुर। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में महिला चिकित्सक की ड्यूटी न होने पर महिला मरीजों को बगैर परामर्श, चिकित्सा के बैरंग होना पड़ा। लैब न होने से पीएचसी में मात्र ब्लड प्रेशर, शुगर की जांच की गई। अन्य जांचों के लिए मरीजों को प्राइवेट लैब या फिर करीब एक किलोमीटर दूर सीएचसी आना पड़ा। पीएचसी में रविवार को चिकित्सक हरमन सिंह ने मरीजों को देखा। पीएचसी में फार्मेसिस्ट आलोक कुमार, एएनएम रचना देवी मौजूद रहे। संवाद
महिला चिकित्सक न होने पर एएनएम ने दिया परामर्श
अमरिया। क्षेत्र के नगरीया काॅलोनी, गुलड़िया भिंडारा, परेवा वैश्य, भिकारीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। सभी जगह मेले सुबह 10 बजे से शुरू हो गए। परेवा वैश्य और भिकारीपुर के मेले में महिला चिकित्सकों ने मरीजों को देखा। ग्राम नगरिया कॉलोनी एवं गुलड़िया भिंडारा मेले में पुरुष चिकित्सकों के अलावा महिला चिकित्सक न होने पर महिलाओं से संबंधित बीमारी की जांच के लिए एएनएम को लगाया गया। नगरिया कॉलोनी मेले में 62, गुलड़िया भिंडारा मेले में 54, परेवा वैश्य में 50 और भिकारीपुर में 48 मरीजों को देखा गया।
खांसी-बुखार से पीड़ित पहुंचे मरीज
पीलीभीत। शहर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. जयदीप ने 79 मरीजों को देखा। अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार से संबंधित थे। फार्मासिस्ट अमरीश ने मरीजों को दवाएं दी।
-
स्टाफ नर्स ने दी मरीजों को दवाएं
बरखेड़ा। क्षेत्र के सुहास, खमरिया पंडरी, दौलतपुर पट्टी और जोगीठेर पर कुल 214 मरीजों पहुंचे। खमरिया एवं सुहास में फार्मासिस्ट की तैनाती न होने पर स्टाफ नर्स ने मरीजों को दवाएं दी। इससे कुछ एक लोगों को ही सभी दवाएं भी उपलब्ध नहीं हो सकीं। संवाद
आरोग्य मेले को लेकर किसी भी अस्पताल में दवाओें की कोई कमी नहीं है। अगर कहीं ऐसा हुआ है तो इसे दिखवाकर दवाओं की उपलब्धता कराई जाएगी।
- डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ
खमरिया पंडरी स्वास्थ्य केंद्र पर मरीज देखते चिकित्सक ओमप्रकाश।संवाद