पूरनपुर की माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पर लगा जाम।स्रोत: राहगीर
पूरनपुर। ओवरब्रिज न होने से रेलवे क्रॉसिंग कुछ देर के लिए ही बंद होने से लोगों को अक्सर जाम के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में अगर मैलानी-पीलीभीत मार्ग पर ट्रेनों और मालगाड़ियों की संख्या बढ़ी तो समस्या और बढ़ जाएगी। ऐसे में लोगों ने ओवरब्रिज बनाने की मांग की है।
नगर के बीच से रेलवे पटरी निकली है। पटरी के दक्षिणी ओर नगर पालिका के 20 वार्ड, जबकि उत्तरी ओर पांच वार्ड के अलावा पूरनपुर देहात के कई मोहल्ले हैं। लाइनपार करीब एक लाख की आबादी है। पटरी पार करने के लिए रेलवे ने हाल ही में फुट ओवरब्रिज बनवाया है।
फुट ओवरब्रिज से महिलाओं, बुजुर्गों, बीमारों, बच्चों को आवागमन में काफी दिक्कत आती है। वाहन सवारों को दो किलोमीटर का चक्कर काटकर शेरपुर या फिर माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग से आवागमन करना पड़ता है।
माधोटांडा रेलवे क्राॅसिंग खटीमा हाईवे तो शेरपुर रेलवे क्राॅसिंग शेरपुर मार्ग पर है। ट्रेनों के आवागमन पर दोनों रेलवे क्राॅसिंग के बंद होने पर अक्सर जाम लगता है। ट्रेनों और मालगाड़ियों की संख्या शीघ्र बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में लाइनपार करने, क्राॅसिंगों से आवागमन करने पर जाम लगने पर लोगों को असुविधा होगी।
माधोटांडा मार्ग पर ओवरब्रिज और रेलवे स्टेशन के समीप अंडरपास बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। समस्या का समाधान शीघ्र न होने पर लोगों को आवागमन में और दिक्कत होगी। नगरपालिका सदस्य अनुज गुप्ता ने शनिवार को अफसरों को ऑनलाइन पत्र भेजकर माधोटांडा रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग की है।