बीसलपुर मार्ग पर मैंजिक में पीछे लटककर जाते लोग । संवाद
पीलीभीत। चुनाव ड्यूटी में बसों के जाने व शेष बसों का संचालन लंबे मार्गों पर होने से लोकल रूट के यात्री भटकने को मजबूर है। घंटों तपती दोपहरी में खुले आसमान के नीचे यात्री बसों का इंतजार करते हैं। रात के समय में लोग मैजिक पर लटककर अपने गंतव्य पर पहुंचते हैं।
27 बसों के चुनाव ड्यूटी व 40 बसों का दिल्ली रूट पर संचालन होने से लोकल रूट का आवागमन अब पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। बावजूद इसके रोडवेज के अधिकारी लोकल मार्गों पर बसों के संचालन पर ध्यान नहीं दे रहे। मौजूदा समय में पूर्णागिरि का मेला चल रहा है। शाम करीब सात बजे टनकपुर से जब ट्रेन पीलीभीत स्टेशन पर पहुंचती है तो शाहजहांपुर रूट पर जाने वाले यात्री असम चौराहे पर पहुंचकर सवारियों का इंतजार करते हैं।
घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें बस नहीं मिल पाती। इसके बाद वहां मौजूद डग्गामार वाहन चालक उनसे दोगुने रुपये वसूलकर उन्हें उनके गंतव्य पर छोड़ते हैं। शनिवार की शाम करीब 08.05 बजे असम चौराहे से एक मैजिक बीसलपुर के लिए निकली। इसमें बीच वाली सीट पर करीब आठ सवारियों के अलावा चार छोटे बच्चे, ड्राइवर के पास करीब चार लोग और पीछे लगे एंगिल पर करीब पांच लोग लटके हुए थे। गंतव्य को जाने की होड़ में डग्गामार वाहन चालक लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। बावजूद इसके अधिकारी इस ओर ध्यान नदीं दे रहे।
एआरएम पवन श्रीवास्तव ने बताया कि बसों को चुनाव में भेजा गया है। लोकल मार्गों पर सवारियां नहीं मिल पाती है। इसके चलते इन मार्गों पर कम बसों का संचालन कर रहे है।