एसपी ने कार्यशाला आयोजित कर दिए दिशा निर्देश
ग्यारह बिंदुओं पर सिखाए गए ड्यूटी पर सर्तक रहने के गुर
पुलिस पर होने वाले हमले और ड्यूटी के दौरान लोगों से अभद्रता करने के आरोपों से बचने के लिए पुलिसकर्मियों को कानून की सीख दी गई। कार्यशाला आयोजित कर एसपी ने पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के तरीके और इस दौरान बरतने वाली सावधानियों को बताया।
सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में दोपहर साढ़े बारह बजे से कार्यशाला आयोजित की गई। जिले के समस्त थानों से एक सब इंस्पेक्टर, चार कांस्टेबिल बुलाए गए। सर्किल अफसरों को भी शामिल किया गया। कार्यशाला की शुरूआत करते हुए सर्वप्रथम एसपी अनिल कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को संवदेनशील बनाने पर जोर दिया। उन्होनें कहा कि ड्यूटी के दौरान सतर्क रहना बेहद जरूरी है। पर कही न कहीं हम सर्तक नहीं है। ऐसे में ही पुलिस पर आरोप और हमले की घटनाएं सामने आती है। बार्डर के जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए कहा कि अक्सर देखने को मिला है, कि ड्यूटी के समय गुपचुप तरीके से घर भागने का प्रयास किया जाता है। जोकि सरासर गलत है। ऐसा न करने की अपील खासकर सिपाहियों से की गई। व्यवहार और काम में सुधार लाने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कार्यशाला में व्यक्ति की तलाशी, पिकेट ड्यूटी, शव की तलाशी, वाहन का पीछा करना, रोकना और चेक करने का उचित तरीका बताया गया। इसके अलावा नाकाबंदी, दबिश, पहरा ड्यूटी, मुल्जिम ड्यूटी, रात्रि गश्त और भीड़ के बीच तैनाती में काम करने का तरीका सिखाया। इस दौरान बरतने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर एएसपी विकास कुमार वैद्य, सीओ पूरनपुर राजेश्वर सिंह, सीओ जहानाबाद जगत राम जोशी, सीओ बीसलपुर बीपी सिंह, सदर कोतवाल भरत कुमार गौतम, सुनगढ़ी थाने से महिला एसआई रीना और कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।