पीलीभीत। सपा नेता के कार्यालय में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का मुकुट और लैपटॉप बरामद किया है। चालान करने के बाद कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेजा है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र की कृष्णलोक कॉलोनी स्थित सपा नेता राज कुमार राजू के कार्यालय में सात फरवरी की रात चोरों ने ताला तोड़कर एक लैपटॉप, चांदी का मुकुट समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। मोहल्ला एकतानगर निवासी सपा नेता ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। जांच के दौरान संदिग्धों को चिह्नित किया गया। शनिवार को पुलिस ने पूरनपुर गेट चौकी जाने वाले रास्ते से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी शिवओम गंगवार और विनय गंगवार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया चांदी का मुकुट और लैपटॉप बरामद कर लिया है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि आरोपी विनय गंगवार के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। संवाद