बीसलपुर। पुरानी रंजिश को लेकर 10 से अधिक लोगों ने सोमवार को देर रात स्टेशन मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास एक युवक को बेल्टों और डंडों से पीटा और चाकू मारकर जख्मी कर दिया। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला एकता नगर की प्रतापनगर कॉलोनी निवासी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मोहल्ले के ही आदेश सिंह से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। आदेश सिंह ने उसी रंजिश के तहत सोमवार को देररात उन्हें रास्ते में उस समय घेेर लिया, जब वह स्टेशन मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर जा रहे थे।
आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बेल्टों से पीटा और चाकू मारकर घायल कर दिया। हंगामा होते देख मौके पर काफी भीड़ लग गई, लेकिन किसी ने बीचबचाव की जहमत नहीं उठाई। जमकर पिटाई लगाने के बाद हमलावर चले गए। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कोतवाल अशोकपाल ने बताया कि मुनेंद्र सिंह की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में आदेश सिंह, शिवरतन सिंह को नामजद किया गया है। उनके साथियों को अज्ञात बताया गया है।