पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में किराये के मकान रहने वाले बीसलपुर कोतवाली के गांव टिकरी निवासी युवक का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। सुबह मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम टिकरी निवासी अजीत (25) पुत्र रामचरण शहर के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया स्थित वार्ड नंबर दो में मोहनलाल के मकान में किराये पर रह रहे थे। शनिवार सुबह जब काफी देर तक अजीत के कमरे में कोई हलचल नहीं हुई तो मकान मालिक ने अंदर झांककर देखा। कमरे में अजीत का शव फंदे से लटक रहा था। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। पुलिस के अनुसार अजीत झांकी आदि में नाचने का काम करता था। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग जमा हो गए। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि अभी मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर या आरोप नहीं लगाया गया है। कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।