पीलीभीत। बुधवार शाम टनकपुर से पीलीभीत आ रही ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवाने वाले युवक की शिनाख्त हो गई है। वह जीटीआई की छात्र था, जो कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ता था।
बुधवार शाम साढ़े पांच बजे कोतवाली क्षेत्र के वनकटी रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार को युवक की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव नकारा निवासी महेंद्र पाल वर्मा के 19 वर्षीय पुत्र अभिषेक वर्मा के रूप में हुई।
अभिषेक शहर के एक पॉलीटेक्निक कॉलेज में पढ़ता था और कॉलेज के हॉस्टल में रह रहा था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो परिवार के लोग पीलीभीत पहुंच गए। परिजन शव को देखकर रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सर्वेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का पाया गया है। सिविल लाइंस चौकी प्रभारी को दुर्घटना के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।