उमरिया गांव के 24 वर्षीय युवक प्रेमपाल ने खुद के कपड़ों पर मिट्टी का तेल उलटकर आग लगा ली। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के उमरिया गांव के निवासी प्रेमपाल पुत्र द्वारिका प्रसाद को शुक्रवार देर रात गंभीर रुप से झुलसी हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार सुबह जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिवारीजनों ने बताया कि दो भाईयों में प्रेमपाल बड़ा था। वह नशा करता था। कोई कामकाज नहीं किया करता था। शुक्रवार को उसके पिता द्वारिका बेटी के लिए लड़का देखने दियोरिया गए थे। इस बीच प्रेमपाल ने अपने कपड़ों पर मिट्टी का तेल छिड़क लिया और घर से भाग गया। कुछ दूर जाकर गांव में ही उसने खुद को आग लगा ली। आग लगाने के बाद वह गांव के कोमिल प्रसाद के घर में घुस गया। उसके शरीर से लपटें निकलती देख घर मौजूद लोग घबरा गए। उनके शोर मचाने पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने बमुश्किल आग बुझाई। फौरन उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया।