फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: अब तक नहीं भरे टनकपुर-हरिद्वार हाईवे के जख्म, दर्द झेल रहे राहगीर

Fri, 13 Mar 2026 11:44 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
टनकपुर हाईवे पर कचहरी मार्ग के करीब सड़क में पड़े गहरेे गड्ढे। संवाद
विज्ञापन
पीलीभीत। शहर से गुजरे टनकपुर हाईवे और बरेली-हरिद्वार हाईवे के जख्मों पर अब तक मरहम नहीं लग सका है। बरसात के समय हुए हाईवे के गड्ढे राहगीरों को अब तक दर्द दे रहे हैं। सफर में जोखिम भी बढ़ रहा है। शहर में हाईवे के किनारे का फुटपाथ भी नहीं सुधरा है। यह हाल तब है जब जिलाधिकारी ने फोन कॉल कर एनएचएआई के अफसरों को गड्ढे भरवाने की हिदायत दी है।
विज्ञापन

शहर से होकर गुजरे टनकपुर हाईवे का दायरा करीब चार किलोमीटर है। गौहनिया चौराहे से नेहरू पार्क तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में हाईवे के दोनों ओर का फुटपाथ एक फुट से अधिक नीचे है। कुछ स्थानों पर सड़क का किनारा भी कटा है। करीब दो माह पहले अचानक से पहिया उतरने से गन्ना भरी ट्राॅली भी पलट गई थी।
कई अन्य लोग भी चोटिल हो चुके हैं। इसके अलावा हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे भी सफर को खतरनाक बना रहे हैं। कलक्ट्रेट से आगे निकलते ही सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हैं। यह हादसे का कारण तो बन ही रहे, वाहनों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। करीब चार माह से सड़क पर बने यह गड्ढे बढ़ते ही जा रहे हैं। एनएचएआई ने इन्हें भरवाने की जरूरत अब तक नहीं समझी।
विज्ञापन

कागजों पर दौड़ रही हाईवे के चौड़ीकरण की प्रक्रिया
करीब तीन माह पूर्व टनकपुर हाईवे के चौड़ीकरण की चर्चा भी तेज हुई थी। सड़क किनारे खड़े पेड़ों को कटान के लिए चिह्नित किया गया और इन पर निशान भी लगाए गए। बताया गया कि मोर्थ संस्था इस हाईवे का निर्माण कराएगी। इसके बाद निर्माण की अन्य प्रक्रिया अब तक आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क के गड्ढे भी नहीं भरवाए गए हैं।

बरेली-हरिद्वार हाईवे का सफर भी जोखिम भरा
जहानाबाद और अमरिया कस्बों से होकर गुजरे बरेली-हरिद्वार हाईवे का सफर भी जोखिम भरा है। इस हाईवे पर भी कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। एनएचएआई की ओर से इन गड्ढों को भरवाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। जहानाबाद कस्बे से पहले और आगे निकलने पर कई स्थानों पर सड़क के गड्ढे हादसे को दावत दे रहे हैं। यही हाल अमरिया से पहले सड़क का है।

दोनों हाईवे से 24 घंटे में गुजरते हैं 10 हजार वाहन
बरेली-हरिद्वार और टनकपुर हाईवे उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ता है। इन हाईवे से 24 घंटे में छोटे-बड़े 10 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। बरेली-हरिद्वार हाईवे से भारी वाहन अधिक गुजरते हैं। वहीं टनकपुर हाईवे से माता पूर्णागिरि धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक रहती है।

वर्जन
टनकपुर हाईवे के गड्ढों को भरवाने के लिए एनएचआई को सख्त निर्देश दिए गए हैं। मझोला की ओर से काम शुरू कराने की बात भी कही है। बरेली-हरिद्वार हाईवे के गड्ढों को भरवाने के लिए भी संबंधित संस्था को निर्देशित किया जाएगा। - ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी

टनकपुर हाईवे पर कचहरी मार्ग के करीब सड़क में पड़े गहरेे गड्ढे। संवाद

टनकपुर हाईवे पर कचहरी मार्ग के करीब सड़क में पड़े गहरेे गड्ढे। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें