तड़के से दोपहर तक दर्ज की गई पांच मिमी बारिश, आज भी संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मौसम ने शुक्रवार की रात करवट ली। शनिवार तड़के शुरू हुई बारिश दोपहर एक बजे तक होती रही। बारिश के साथ तेज हवा चलने से मौसम काफी सर्द हो गया। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर गई। गन्ने की फसल को बारिश से लाभ हुआ है। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने दो और तीन मार्च को बारिश की संभावना जताई थी। शुक्रवार शाम से ही मौसम में बदलाव होने लगा। देर रात मौसम में बदलाव आया और शनिवार की सुबह करीब पांच बजे से जिले में बारिश शुरू हो गई। सुबह आठ बजे के करीब एक घंटे के लिए बारिश थमी। बाद में दोपहर एक बजे के बाद तब पानी गिरता रहा।
इस दौरान जिले में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश हुई। बारिश के साथ चली तेज हवा से किसानों की चिंता बढ़ गई। तेज हवा की वजह से कलीनगर व न्यूरिया क्षेत्र में किसानों की गेहूं की फसल लुढ़क गई। हालांकि बारिश से गेहूं को नुकसान न होने की बात कही जा रही है।
दोपहर तक जिले में पांच एमएम बारिश रिकाॅर्ड की गई। खेतों में कटी पड़ी लाही भी भीग गई। थोड़ा मौसम खुलने के बाद किसान अपने खेतों में पहुंच गए और लाही को ठीक करने लगे। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि दोपहर तक पांच एमएम बारिश हुई है। रविवार को भी बारिश की संभावना है। बारिश के साथ ही रात में और रविवार को ओलावृष्टि भी हो सकती है।
बीसलपुर। नगर के मोहल्ला दुबे में होली मैदान के पास, डाकखाना रोड, मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हुआ। वर्षा के कारण बाजार, विद्यालयोंं, सरकारी कार्यालयों, संस्थाओं, बैंक शाखाओं, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और साप्ताहिक बाजार में भीड़ कम रही।
.-
मेडिकल कॉलेज में हुआ जलभराव
सुबह से दोपहर तक हुई बारिश से मेडिकल कॉलेज में जलभराव के साथ कीचड़ हो गया। इससे मरीजों और तीमारदाराें को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव काफी देर तक रहा। न्यूरिया में टनकपुर हाईवे के बस स्टैंड और रपटा पुल जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया। लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
-
बारिश ने बढ़ाई किसानों की परेशानी
कलीनगर। शनिवार को हुई बारिश ने किसानों को परेशान कर दिया है। किसान गुरजीत सिंह, मिजामुद्दीन आदि का कहना है कि जरूरत के हिसाब से अधिकतर किसानों ने गेहूं की फसल में पानी लगा दिया है। अगर बारिश के बाद तेज हवा चलती है तो गेहूं के गिरने की आशंका बढ़ जाएगी। जिससे पैदावार में गिरावट होगी।
पूरनपुर। नगर सहित क्षेत्र में शनिवार को बारिश व तेज हवा से कुछ खेतों में गेहूं और गन्ने की फसलें गिर गईं। हालांकि कोई खास नुकसान नहीं हुआ। किसान स्वराज सिंह का कहना है कि हल्की बारिश से फसल को लाभ ही हुआ है।
-