पीलीभीत। पति के दोस्त पर शादी का झांसा देकर डेढ़ वर्ष तक यौन शोषण करने का आरोप लगाने वाली महिला मंगलवार को डीजल पीकर थाने पहुंच गई। उसने आरोपी से शादी कराने की मांग की। यहां काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी को दिए शिकायतीपत्र में बताया कि उसके पति के दोस्त क्षेत्र के गांव रम्पुरा नत्थू निवासी विकास ने उसे बातों में फंसा लिया। इसके बाद कई बार संबंध बनाए। पति को भी छुड़वा दिया। जब उसने शादी का प्रस्ताव रखा तो विकास ने मना कर दिया।
मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से गला दबाया। विवाहिता ने मामले की शिकायत 18 जनवरी 2025 को बरखेड़ा थाने में की, मगर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसपी अविनाश पांडेय से शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया।
इधर, देर शाम विवाहिता फिर थाने पहुंची। कहा कि उसने डीजल पी लिया है। उसने आरोपी से शादी कराने की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी लेकिन वह शादी कराने की जिद पर अड़ गई। डीजल पीने की जानकारी होने पर पुलिस ने उसे बरखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया।
प्रभारी निरीक्षक बरखेड़ा मुकेश शुक्ला ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। विवाहिता आरोपी से शादी करने का दबाव बना रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।