फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: बेहोश कर पकड़ी जाएगी किसान को मारने वाली बाघिन, मिली अनुमति

Tue, 10 Jun 2025 11:50 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। न्यूरिया के गांव मेवातपुर निवासी किसान मुकेश को मारने वाला बाघ नहीं बल्कि बाघिन निकली। पगचिह्न के आधार पर अफसरों ने बाघिन होने की पुष्टि की। वहीं, बाघिन को बेहोश कर जंगल में छोड़ने की अनुमति ली गई है।
विज्ञापन

सोमवार तड़के गांव मेवातपुर के निकट माला जंगल से सटे इलाके में खेत पर गन्ने की फसल की सिंचाई कर रहे किसान मुकेश कुमार को बाघिन ने मार दिया था। घटना के बाद विभागीय टीमों ने बाघिन की निगरानी शुरू की थी। इस दौरान माला रेंजर रोबिन कुमार सिंह समेत वनकर्मियों पर बाघिन ने हमला करने का भी प्रयास किया था। दिनभर टीमें जाल लगाकर उसकी निगरानी में जुटी रहीं। शाम को बाघिन को खदेड़ने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन वह जाल के क्षेत्र से निकलकर खेतों की ओर भाग गई। इधर, पीटीआर प्रशासन ने मुख्यालय से बाघिन को बेहोश कर पकड़ने की अनुमति मांगी। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद टीमें अलर्ट हो गई।
मंगलवार को टीमें निगरानी में जुटी रहीं, लेकिन बाघिन की कोई लोकेशन नहीं मिल सकी। कयास लगाए जा रहे हैं कि बाघिन गन्ने के खेतों में डेरा जमाए है। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि बाघिन को बेहोश कर पकड़ने की अनुमति मिलने के बाद प्रयास तेज कर दिए गए हैं। टीमें अलर्ट हैं। सुरक्षित स्थान को देखते हुए रेस्क्यू करने पर अमल किया जाएगा।
विज्ञापन


रात भर चला प्रयास, डीएफओ भी रहे मौजूद
बाघिन को पकड़ने के लिए सोमवार रात भर अफसर टीमों के साथ प्रयास में जुटे रहे। डीएफओ मनीष सिंह भी ट्रेंकुलाइज एक्सपर्ट डॉ. दक्ष के साथ मौके पर पहुंचे। बाघिन को लालच देने के लिए बछड़ा भी बांधा गया, लेकिन बाघिन बछड़े के पास से होकर गुजर गई। इधर, बाघिन की सक्रियता को देख मंगलवार शाम को दोबारा उसे पकड़ने के प्रयास शुरू किए गए हैं।

चतीपुर से पकड़ी गई बाघिन के होने का मच रहा शोर
पीलीभीत। माला रेंज के जंगल से निकलकर मेवातपुर गांव में किसान पर हमला करने वाली बाघिन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई। घटना के बाद बाघिन होने की जानकारी लगते ही ग्रामीण सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के चतीपुर गांव में ग्रामीणों पर हमला करने वाली बाघिन के होने की बात कह रहे हैं। दरअसल बाघिन को बेहोश कर पकड़ने के बाद पीटीआर की महोफ रेंज में छोड़ा गया था। शुगर केन टाइगर की श्रेणी में होने के चलते बाघिन के जंगल से बाहर निकलने के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं विभागीय सूत्र भी इस बात से इन्कार नहीं कर रहे हैं। हालांकि अफसर स्थिति स्पष्ट होने तक कुछ कहने को तैयार नहीं हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें