पूरनपुर। गन्ना खरीद केंद्र से बाइक से घर लौट रहे किसान पर शारदा नदी के रास्ते पर बाघ ने छलांग लगा दी। पैर में बाघ का पंजा लगने से किसान घायल हो गया। उसके कपड़े फट गए। बाइक की गति तेज कर देने से किसान बाल-बाल बच गया। घायल किसान को सीएचसी लाया गया है।
हादसा रविवार दिन में करीब ११ बजे शारदा नदी के रास्ते पर पक्के पुल के पास हुआ। गांव जटपुरा रामनगर निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि वह शारदा नदी के पार गांव भुरजनिया में स्थित गन्ना खरीद केंद्र से बाइक से लौट रहा था। शारदा नदी के कच्चे रास्ते पर पक्के पुल के समीप आते ही बाघ ने उसके ऊपर छलांग लगा दी। बाघ देखकर अचानक बाइक की गति तेज कर दी। बाघ का पंजा पैर में लगने से वह घायल हो गया, कपड़े फट गए।
बाघ के हमले के बाद राहगीरों में दहशत रही। नदी रास्ते से निकलने वाले बाइक सवार झुंड के रूप में निकले। लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर रेंजर रूद्रप्रताप सिंह ने बताया कि किसान पर बाघ के छलांग लगाने की जानकारी हुई है। पूरनपुर तहसीलदार ने भी फोन कर हमले की जानकारी दी। रेंजर ने बताया कि जिस स्थान पर बाघ ने किसान के ऊपर छलांग लगाई। वह बाघ का क्षेत्र है और सालों से बाघ वहां आसपास ही रहता आ रहा है। उन्होंने बताया कि रास्ते से आवागमन करने वाले लोगों को बाघ की जानकारी देकर सतर्क रहने व इकट्ठा होकर निकलने को कहा गया है।