जून के पहले दिन तपते सूरज ने सभी के छक्के छुड़ा दिए। सोमवार को भी पारा
ऊपर चढ़ा। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को जीना
दुश्वार कर दिया। जिन सड़कों पर रोजाना भारी चहल पहल दिखती थी, सोमवार को
उन पर सन्नाटा पसरा दिखाई गई। सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थानों पर भी
लोगबाग कम दिखे। हालांकि सुबह मामूली बूंदाबादी देख लोग बरसात की उम्मीद
जता रहे थे, लेकिन कुछ मिनट बाद ही तपते सूरज ने सभी की उम्मीदों पर पानी
फेर दिया। सोमवार दोपहर अमर उजाला ने प्रमुख चौराहा की पड़ताल की तो यह
तस्वीर नजर आई।
सन्नाटे में लिपटा रहा स्टेशन रोड
समय-12 बजे
शहर का स्टेशन रोड व्यस्ततम रोडों में गिना जाता है। साप्ताहिक बंदी वाले दिन को छोड़कर अन्य दिनों में यहां भारी भीड़ भाड़ रहती है, लेकिन सोमवार को यहां इक्का-दुक्का लोग ही दिखे। जो दिखा भी वह छाया की तलाश करता देखा गया।
रेलवे स्टेशन पर गर्मी में भी हाय तौबा
समय-12.45 बजे
रेलवे स्टेशन सोमवार को भरी दोपहरी में यात्रियों से गुलजार दिखा। प्लेटफार्मों पर बैठे यात्री हाथों से पंखा झलाते दिखे। एकाएक ट्रेन के आने से यात्रियों की भीड़ ट्रेन पर टूट पड़ी। पसीने से लथपथ यात्री सीट की चाह में धींगामुश्ती करते देखे गए।
न मुवक्किल दिखे व पैरोकार
समय-1.00 बजे
शहर के कचहरी चौराहा भी व्यस्ततम चौराहों भी गिना जाता है, लेकिन चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों के चलने से यहां भी चारों ओर सन्नाटा बरपा रहा। कचहरी में भी कमोवेश ऐसी ही स्थिति नजर आई।