बीसलपुर। गांव वैदखेड़ा में रविवार को नदी डूबकर मरने वाले मासूम छात्र के शव का सोमवार को दूसरे दिन गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव निवासी गायत्री देवी ने बताया कि उनका आठ वर्षीय पुत्र आयुष शर्मा रविवार सुबह 10:30 बजे गांव से कुछ दूरी पर बह रही कटना नदी के पुल पर चल रही भागवत कथा सुनने की बात कहकर घर से गया था। वह भागवत कथा स्थल पर नहीं पहुंचा और गांव के कुछ बच्चों के साथ नदी के घाट पर नहाने चला गया। नदी में इस समय काफी ज्यादा पानी है। ऐसे में नहाते समय आयुष गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
जानकारी होने पर आयुष की मां और आसपास के लोग मौके पर गए। इसी बीच गांव के कुछ लोग जाल लेकर आए। नदी में जाल डालकर आयुष को बाहर निकाला गया। आयुष को गांव के एक प्राइवेट क्लीनिक पर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराने से इन्कार कर दिया। संवाद
-
आयुष कक्षा तीन का था छात्र
सूचना पाकर आयुष के पिता राम रतन शर्मा आगरा से घर के लिए चल दिए। वह आगरा में मजदूरी पर बाजरा काटने गए थे। राम रतन रविवार को रात 12 बजे घर आ सके। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आयुष प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि परिजनों ने बालक के शव का पोस्टमाॅर्टम कराने से मना कर दिया था।