पुरूस्कृत की गई छात्राएं व मौजूद अतिथि । संवाद
पीलीभीत। ‘मेरी माटी-मेरा देश’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता अभियान का मंगलवार को समापन हो गया। अंतिम दिन शहीद राजेश राठौर के पिता राज बहादुर राठौर को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। विजेता छात्राओं को भी पुरस्कार दिया गया। अंगूरी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी व जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन सोमवार को राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया था। दूसरे दिन समापन पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा ने चित्र प्रदर्शनी को एक कामयाब कोशिश बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों की आवश्यकता स्कूली शिक्षा के दौरान रहती है।
नेहरू युवा केंद्र से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी हरिओम वाजपेई ने युवा केंद्र के क्रियाकलापों की जानकारी दी। अंतिम दिन मेरी माटी मेरा देश मिट्टी को नमन, वीरों का वंदन विषय पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराई गई। आजादी का अमृतकाल से संबंधित संगोष्ठी और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। पोस्टर, स्टिकर, पैम्फलेट वितरित किए गए। विजेता 60 छात्राओं को पुरस्कृत किया।