गांव अड़ासेई क्षेत्र के एक खेत में एंटीना लगा संयंत्र थर्माकोल के डिब्बे में रखा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और तमाम ग्रामीण पहुंच गए। पुलिस ने संयंत्र में लगी दो बैटरियां व दो चिप निकालकर उसे कब्जे में लिया है।
गांव अड़ासेई निवासी नत्थू देवी की पत्नी पुष्पा देवी अपने खेत में चरी काट रही थी। इसी बीच उसकी नजर एंटीने पर पड़ी। जब वह नजदीक पहुंची तो थर्माकोल के डिब्बे में रखा संयंत्र देखा। इससे उसके होश उड़ गए। घबराई पुष्पा देवी ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी गांव वालों को दी। इससे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना पर ललौरीखेड़ा चौकी पुलिस तमाम गांव वालों के साथ मौके पर पहुंची और संयंत्र में लगी कंडेसरनुमा दो बैटरियां व दो चिप निकालने के बाद उसे अपने कब्जे में ले लिया। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि संयत्र्ंा की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर संयंत्र मौसम विभाग का होने का अनुमान है।