बरखेड़ा। प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण करने गांव गए सचिव से लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। सरकारी अभिलेख फाड़ डाले। छह माह बाद अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवनगर कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने कोर्ट के आदेश पर थाना बरखेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में कहा गया कि वह विकासखंड बरखेड़ा की ग्राम पंचायत बहादुरपुर हुक्मी में सचिव पद पर हैं। 14 जून 2023 को दोपहर दो बजे वह गांव में प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण करने के लिए गए थे। वह गांव में अवधबिहारी के मकान का निरीक्षण कर रहे थे। तभी गांव के भूपेंद्र पाल, दिनेश कुमार, सत्यपाल, अखिलेश, विनोद, सोनू कश्यप वहां आए।
आरोप है कि उक्त लोगों ने कहा कि उनके नाम प्रधानमंत्री आवास की सूची में नहीं आने दिए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने आरोपियों से पात्र लोगों के नाम सूची में आने की बात कहते हुए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने की बात कही। इस पर उक्त लोग नाराज हो गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हाथ से सरकारी अभिलेखों का थैला छीनकर फाड़ डाले। गांव वालों के एकत्र हो जाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसकी शिकायत थाना बरखेड़ा पुलिस से की गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर अब थाना बरखेड़ा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।