गांव जादोपुर नथा में पाइप लाइन बिछाने के बाद खुदी पडी सड़क। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
बिलसंडा। ब्लॉक के गांवों में जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर जल पहुंचाया जाना है। इसके लिए पाइप लाइन डालने को सड़कें खोदी जा रही हैं। इसके चलते लोगों को काफी समस्या हो रही हैं। ठेकेदार पाइप लाइन डलवाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं करा रहे हैं। इसके कारण राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं।
ब्लॉक के जादोपुर नथा, मझगवां, घनश्यामपुर, करेली, मरौरी समेत कई गांवों में पाइप लाइन डलवाने का कार्य कराया गया है। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार पाइप लाइन डालकर सड़कों को दुरुस्त करना भूल गए। ऐसे में ग्रामीणों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों की दशा न सुधारने से स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में अधिक परेशानी हो रही है।
अधिकारियों को बताया फिर भी सुनवाई नहीं
जादोपुर नथा गांव के ग्राम प्रधान संजय पांडेय ने बताया कि कई बार कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार अधिकारी को अवगत कराया गया पर अभी तक सुनवाई नहीं हुई।
कार्यदायी संस्था को जिम्मेदारी दी गई है कि वह सड़क को पाइप लाइन के लिए खोदें तो उसे पहले की तरह ही सही करके दें। अगर कहीं पर ऐसा नहीं किया गया है तो वे चेक कराएंगी। ग्रामीणों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। -कुमकुम गंगवार, जल निगम की अधिशासी अभियंता