फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गेरूआ रंग में रंगी सड़कें, बम-बम भोले के जयकारों से गूंजे शिवालय

विज्ञापन
सावन के दूसरे सोमवार को गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए दिनभर कावड़ियों का ताता लगा रहा। - फोटो : PILIBHIT
विज्ञापन
पीलीभीत। सावन के दूसरे सोमवार को जिलेभर में मंदिरों और शिवालयों में बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की। वहीं शहर की सड़कें भी कांवड़ियों की भीड़ के चलते भगवा रंग में रंगी नजर आईं। हरिद्वार व कछला से गंगाजल लेकर आए कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
विज्ञापन

भगवान शिव को समर्पित सावन के दूसरे सोमवार को शहर के ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर, दूधियानाथ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भोलेनाथ की पूजा अर्चना की और मनौती मांगी। जलाभिषेक करने के लिएमंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली लेकर मंदिर पहुंचे और दूध, दही, शहद, घी, शक्कर, चावल आदि से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। धतूरा, बेलपत्र, मिष्ठान आदि चढ़ाकर परिवार की सुख समृद्धि व देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। गौरीशंकर मंदिर में शिवभक्तों की खासी भीड़ रही। इसके अलावा तमाम शिवभक्तों ने घरों में भी भगवान शिव की आराधना की।
शिवालयों में रुद्राभिषेक कार्यक्रम भी हुए, इसमें बड़ी तादाद में शिवभक्तों ने हिस्सा लिया।
इधर, दूसरे सोमवार को हरिद्वार व कछला से गंगाजल लेकर आए कांवड़िये शिवालयों में पहुंचे और भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक किया और पूजा कर आरती की। इसके चलते शहर की सड़कें भगवा और गेरुआ रंग से रंगी नजर आईं। सड़कों पर भी उत्साही शिव भक्त हर-हर महादेव के जयकारे लगाते दिखे। शिवभक्तों का शिवालयों में पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। गौरीशंकर मंदिर में एक बच्चा शिव के स्वरूप में भक्तों का मन मोह रहा था।
विज्ञापन

सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस
मंदिरों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। सावन के दूसरे सोमवार को देखते हुए गौरीशंकर मंदिर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने भी सभी शिव मंदिरों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं कांवड़ियों के जनपद सीमा में प्रवेश करते हुए उन्हें सुरक्षा घेरे में लेने के साथ शिव मंदिरों तक पहुंचाया गया।
कछला घाट से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़िये
बरखेड़ा। कछला घाट से गंगाजल लेकर सोमवार को दोपहर बाद कांवड़िये जल लेकर पहुंचे। इसके बाद पंडित देवदत्त शर्मा जनता इंटर कॉलेज परिसर स्थित शिव मंदिर पहुंचे। वहां कांवड़ियों ने पहले कांवड़ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर में हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ जलाभिषेक किया। जत्थे में 30 से अधिक कांवड़िये शामिल थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर के आसपास फोर्स को तैनात किया गया था। जत्थे में प्रिंस भारद्वाज, मनोज सक्सेना, संतोष भारती, सचिन कश्यप, प्रेमपाल भारती आदि शामिल रहे। संवाद

गौरीशंकर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन करता कावड़ियों का जत्था। संवाद- फोटो : PILIBHIT

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें