पीलीभीत। टनकपुर हाईवे से कस्बा न्यूरिया जाने वाली निर्माणाधीन सड़क का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण दो माह से काम बंद है। तब से हजारों लोग खुदी पड़ी सड़क से ही गुजर रहे हैं। पथरीली सड़क पर आएदिन हादसे भी होते हैं।
टनकपुर हाईवे से न्यूरिया होते हुए करीब दस गांवों को जोड़ने वाली सड़क को नौ साल पहले आरईएस की ओर से दो करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था। नई सड़क बन जाने से लोगों को काफी राहत मिली थी। बाद में सड़क काफी दयनीय हालत में पहुंच गई। गहरे गड्ढा होने के कारण बारिश के दौरान लोगों का निकलना दूभर होने लगा।
कई बार मांग करने के बाद नई सड़क बनाने की शासन की ओर से मंजूरी मिली। बताते है कि फरवरी माह में इसका टेंडर निकाला गया था। इसके बाद कवायद पूरी की गई। ठेका होने के बाद ठेकेदार की ओर से मतदान से दो दिन पहले सड़क पर काम को शुरू करा दिया गया। इसके तहत करीब एक किलोमीटर की दूरी तक सड़क को खोद दिया गया।
तब से यह सड़क ऐसे ही पड़ी हुई है। खोदी गई सड़क और वहां पड़े पत्थर लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। सबसे अधिक समस्या दो पहिया वाहन चालकों के सामने आ रही है। जिनके वाहन आए दिन पंक्चर हो रहे हैं। यही नहीं पैदल गुजरने वालों को भी चोट लग रही है। काम क्यों बंद किया गया और कब शुरू होगा इसकी भी लोगों को जानकारी नहीं हैं।
......
दुकानदारों को रहता है खतरा
सड़क के दोनों ओर दुकानें है। काफी संख्या में खोखा और गुमटी भी रखे हुए हैं। चार पहिया वाहनों के गुजरने से दुकानदारों को खतरा बना रहता है। वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण पत्थर उछलकर दुकानों में पहुंच जाता है। ऐसे में वहां लोगोें को चोट लगने की आशंका रहती है।
.......
तीन से चार हजार लोगों का रोजाना रहता है आना-जाना
टनकपुर हाईवे से न्यूरिया कस्बा होकर गुजरी सड़क छह किलोमीटर लंबी है। इस सड़क से मुख्त्यार कॉलोनी, न्यूरिया कॉलोनी, राजा कॉलोनी सहित दस गांव जुड़े हुए है। इन गांवों के लोगों का शहर और अन्य स्थानों पर आवाजाही इसी मार्ग से होती है। रोजाना ही तीन से चार हजार लोग गुजरते हैं।
........
कार्ययोजना आचार संहिता से पहले स्वीकृत हो गई थी। इसके लिए 95 लाख रुपये मंजूर हुए थे। मामला कोर्ट में होने के कारण काम बंद चल रहा है। जल्द ही यह निरस्तारित हो जाएगा। इसके बाद ही सड़क का निर्माण शुरू होगा।
- राजेश चौधरी,अधिशासी अभियंता लोनिवि