पीलीभीत। टनकपुर हाईवे से अवध नगर तक जाने वाली सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सड़क धीरे-धीरे तालाब में समा रही है तो इस पर गड्ढे भी हो गए हैं। यहां से निकलना भी दूभर है। शासन के निर्देश के बाद भी गड्ढों को नहीं भरा गया है।
टनकपुर हाईवे से एक सड़क पीलीभीत बरातघर के पास से दिव्यांग पुनर्वास संस्थान होकर अवधनगर कॉलोनी के लिए जाती है। यह सड़क कई वर्षों से जर्जर है। पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
जुलाई और सितंबर में हुई तेज बारिश में पास का तालाब भी उफान पर आ गया था। इससे सड़क का कुछ हिस्सा कट गया। कट जाने से सड़क अब काफी सकरी हो गई है। पूरी सड़क पर गड्ढे और चौड़ाई कम होने से हादसों की आशंका बढ़ गई है। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दिन में तो गड्ढों को देखकर लोग गुजर जाते हैं लेकिन रात में समस्या बढ़ जाती है। सड़क को ठीक कराने के लिए लोगों ने कई बार मांग भी की लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
आवागमन में आती है दिक्कत
बारिश के मौसम में सड़क की हालत काफी खराब हो जाती है। पूरी सड़क तालाब के पानी से घिर जाती है। पानी दिव्यांग पुनर्वास संस्थान में भी भर जाता है। ऐसे में रेशम कार्यालय के स्टाफ को आवागमन में परेशानी आती है।
मेडिकल कॉलेज के लिए है आसान रास्ता
कलक्ट्रेट और मेडिकल कॉलेज आने वालों के लिए यह रास्ता काफी आसान है। लोग गौहनिया चौराहा पर न जाकर सीधे इसी मार्ग से आते हैं। सड़क गड्ढा युक्त होने से उन लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
जिम्मेदारों की अनदेखी से हो सकता है हादसा
सड़क को बनवाने के लिए कई बार मांग की गई। अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। इससे छोटे बच्चों को आने जाने में काफी परेशानी होती है।
- नत्थूलाल
सड़क तालाब में समा रही है। पानी में कट जाने से चौड़ाई कम हो गई है। पूरी सड़क पर गड्ढे हैं। इससे खतरा बना रहता है।
- सुखवीर सिंह भदौरिया
-
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को होती है। अधिकांश लोग इसी सड़क से होकर टनकपुर हाईवे पर जाते है। सड़क ठीक कराने की कोई जिम्मेदारी नहीं ले रहा।
- मनीष वर्मा
पंडित दीनदयाल योजना के तहत सड़क को शामिल किया गया है। साथ ही गौहनिया तालाब के सुंदरकरण में भी सड़क शामिल है। बजट आने पर काम शुरू किया जाएगा।
- आस्था अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष
मनीश वर्मा।
मनीश वर्मा।
मनीश वर्मा।