पीलीभीत। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत भले ही यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा हो, लेकिन जिम्मेदार खुद यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक तथा थाना पुलिस के कर्मियों को नियमों का उल्लंघन करते देखा जा सकता है।
दो से 16 अक्तूबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ स्वयं डीएम संजय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें जिले के सभी बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। बावजूद इसके पुलिस कर्मी और अधिकारियों के वाहनों के चालक जमकर यातायात नियमों की उल्लंघन करते देखे जा सकते हैं।
कलक्ट्रेट और विकास भवन स्थित विभिन्न विभागोंं के कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों को बिना हेलमेट लगाए बाइक चलाते तो चार सवारी देखा जा सकता है ।
-
कार्रवाई के नाम पर निभाई जा रही औपचारिकता
शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस महज उन लोगों का चालान करती है जो किसी आवश्यक काम या फिर सब्जी लेने के लिए जा रहे होते हैं। जबकि कार व स्पोर्ट्स बाइक से चलने वाले लोगों पर कार्रवाई करने से परहेज किया जाता है।
-
जमकर हो रहा डग्गामार वाहनों का संचालन
शहर के छतरी, असम, नौगवां पर पुलिस कर्मियों के सामने ही डग्गामार वाहनों का संचालन किया जा जाता है। बावजूद इसके कार्रवाई नहीं की जाती। इसके अलावा यह वाहन चालक सड़कों को घेरकर सवारियां भी बैठाते हैं जिससे जाम लगता है।
अभी बाहर ड्यूटी पर आया हुआ हूं। जिन जगहों पर इस तरह की अनदेखी हो रही है। वहां अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
- राघवेंद्र सिंह, टीएसआई
-
ओवरलोड और डग्गामार वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने नहीं दिया जा रहा है।
- वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ