पीलीभीत। पीटीआर मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को वन राज्यमंत्री अरुण कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में टाइगर रिजर्व फाउंडेशन की पहली बैठक हुई। इसमें वन, वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के साथ पर्यटन को बेहतर करने की दिशा में 99 लाख के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वन राज्यमंत्री ने कहा कि पीटीआर ने देश हीं नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई है।
कहा कि पर्यटकों की संख्या में भी लगातार इजाफा हुआ है। अब व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए स्टाफ को संसाधन मुहैया कराने के साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी कई कदम बढ़ाए जाने हैं। बैठक में फाउंडेशन के सदस्य पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि कलीनगर और पूरनपुर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष पर भी अपनी राय रखी।
बैठक में मौजूद अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह ने कहा कि जिले में मानव-वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम होनी चाहिए। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी मंजूरी पर सहमति जताई। इसके अलावा स्कूलों में कार्यक्रम, ईको पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ फील्ड स्टाफ के लिए संसाधन मुहैया कराने के लिए भी बजट मंजूरी पर सहमति जताई गई।
बैठक में करीब 99 लाख रुपये के प्रस्तावों पर सहमति बनी। इस दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुधीर कुमार शर्मा, संजय श्रीवास्तव, सुनील चौधरी, एफडी दुधवा ललित वर्मा आदि मौजूद रहे। इसके अलावा वन्यजीव सप्ताह के तहत शहर के एक होटल के अलावा जिले के कई इलाकों में कार्यक्रम आयोजित कर वन और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए।