बीसलपुर। सीओ के निर्देश पर दियोरिया कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश के मामले में रविवार को 12वें दिन रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने किशोरी का रविवार को मेडिकल परीक्षण भी कराया।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के ग्रामीण ने बताया कि आठ सितंबर को एक युवक ने उनके घर में घुसकर उनकी 16 वर्षीय पुत्री से दुष्कर्म की कोशिश की। उस समय उनकी पुत्री घर पर अकेली थी।
किशोरी के शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी भाग गए। किशोरी ने कुछ देर बाद घर आए परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी।
किशोरी के पिता ने उसी समय आरोपी के घर जाकर शिकायत की तो आरोपी के घर वालों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। किशोरी के पिता ने कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी।
ग्रामीण अब तक कोतवाली पुलिस के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नही की, तब उसने शनिवार को सीओ डॉ. प्रतीक दहिया को प्रार्थना पत्र दिया। कोतवाल प्रदीप विश्नोई ने बताया कि दुष्कर्म करने की कोशिश करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में अनिल कुमार, सुनील, श्रीकृष्ण और रामऔतार को नामजद किया गया है।