पीलीभीत। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को मरौरी क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय देशनगर, अलीगंज व प्राथमिक विद्यालय टंडोला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय देश नगर में पांच अध्यापक, अध्यापिका व कर्मचारी मौके पर उपस्थित मिले । दो अध्यापक आकस्मिक अवकाश पर थे । निरीक्षण के दौरान विद्यालय में 179 स्कूली बच्चे पंजीकृत मिले। इसके अलावा सीडीओ और बीएसए ने भी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
प्राथमिक विद्यालय टंडोला के निरीक्षण के दौरान स्कूल में शिक्षक, शिक्षकाएं उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत बच्चों की संख्या 84 पाई गई इसके सापेक्ष 62 विद्यार्थी उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने उपस्थिति, बच्चों की हाजिरी और मिडडे मील पंजिका को चेक किया।
निरीक्षण के दौरान शौचालय व्यवस्था ठीक मिली। उन्होंने मिडडे मील के संबंध में बच्चों से जानकारी ली तो बताया कि रोजाना भोजन समय से मिलता है। उन्होंने कक्षा में पढ़ाए गए विषय के बारे जानकारी कर शिक्षा की गुणवत्ता परखी। विद्यालयों में जिलाधिकारी ने रसोईघर का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता परखी।
डीएम ने विद्यालय में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा बृहस्पतिवार को ही सीडीओ केके सिंह और बीएसए अमित कुमार सिंह ने मरौरी के उच्च प्राथमिकचाटडांग बलदेवपुर, प्राथमिक चाट डांग बलदेवपुर एवं प्राथमिक स्कूल ललपुरिया का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय विद्यालय में कक्षाएं संचालित पाई गईं एवं समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। मुख्य विकास अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय चांटडांग बलदेवपुर में कक्षा तीन के विद्यार्थियों से हिंदी की पुस्तक पढ़वाई। जिसमें शिक्षा की गुणवत्ता सामान्य स्तर की पाई गई।