बीसलपुर के दुबे चौकी रोड पर झ़ुका बिजली पोल । संवाद
बीसलपुर। ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की अनदेखी के चलते नगर की दुबे चौकी रोड पर दो सालों से बिजली का एक तिरछा खंभा लगा है। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है।
दुबे चौकी रोड पर स्थित बिजली का एक खंभा लगभग दो वर्ष पूर्व किसी भारी वाहन की चपेट में आकर तिरछा हो गया था। सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने मौका मुआयना तो उसी समय किया, लेकिन अब तक तिरछे खंभे को सही करने की जहमत नहीं उठाई।
इस खंभे के सहारे ही विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जिससे हर समय खतरा बना रहता है। इस बीच जागरूक लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत दी, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे खतरा बरकरार है और लोगों में ऊर्जा निगम के प्रति रोष भी है।
विभागीय हीला हवाली के चलते यह स्थिति भविष्य में कब तक बनी रहेगी, कुछ कहा नहीं जा सकता। इस बावत ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह समस्या अभी तक उनके संज्ञान में नहीं थी। अब संज्ञान में आ गई है। बहुत जल्द इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।