पीलीभीत। दो लोगों ने तमंचे के बल पर चालक को बंधक बनाया और पिकअप लूट कर ले गए। कई घंटे बाद मुक्त हुए चालक ने सुनगढ़ी पहुंचकर पुलिस को घटना के बारे में बताया, लेकिन यहां से माधोटांडा थाने भेजा गया। वहां पहुंचने पर भी टरकाया गया। मामला एसपी के संज्ञान में आने पर सुनगढ़ी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पिकअप और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवा पकड़िया निवासी कलीम खां ने बताया कि सोमवार शाम को दो लोग उसके पास आए और माधोटांडा क्षेत्र के डगा गांव के निकट लौकी और काशीफल भरकर बाहर मंडी ले जाने की बात कहकर पिकअप बुक कराई। इस पर उसने क्षेत्र के ही चालक जोगेंद्र को वाहन लेकर भेज दिया। उक्त दोनों लोग साथ में ही गए।
आरोप है कि माधोटांडा क्षेत्र के कलीनगर नहर के पास पहुंचते ही उक्त दोनों लोगों ने चालक को तमंचा से धमकाते हुए वाहन से उतारकर पास के ही गन्ने के खेत में ले जाकर बांध दिया। इसके बाद आरोपी पिकअप लेकर फरार हो गए। चालक रात भर खेत में ही बांधा रहा। सुबह राहगीरों की नजर पड़ी तो उन्होंने चालक को मुक्त कराया। इसके बाद वह पहले मालिक के पास पहुंचा और घटना बताई।
इसके बाद सुनगढ़ी थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने माधोटांडा क्षेत्र में घटना बताकर वहां के थाने जाने की बात कही। इस पर वह माधोटांडा थाने भी गया, जहां पुलिस ने सुनगढ़ी भेज दिया। मामला एसपी के संज्ञान में आया। इसके बाद सुनगढ़ी पुलिस हरकत में आई और मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पिकअप की तलाश शुरू कर दी। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि टीमों को लगाया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।