रूट कनेक्टीविटी कट जाने के चलते जिले भर की बीएसएनएल सेवाएं पूरे दिन ठप रहीं। इसके चलते उपभोक्ताओं के साथ-साथ साइबर कैफे संचालकों को भी खासी दिक्कत हुई। अधिकारियों के सीयूजी नंबर भी काम न करने से उन्हें भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ब्राडबैंड सेवाएं बाधित रहने से लोगों के इंटरनेट भी काम नहीं कर सके। एनटीआर के मंडल अभियंता ने बताया कि व्यवस्था सुचारू करने के लिए टीम भेजी गई है।
सुबह से ही यहां की बीएसएनएल ब्राडबैंड, बेसिक फोन व मोबाइल सेवाएं अचानक ठप हो गईं। रविवार का दिन होने के कारण बीएसएनएल कार्यालय भी यहां बंद रहा। लोगों ने जब दूसरी कंपनियों के सिम से उनके अधिकारियों के फोन के नंबर मिलाए तो वह भी नहीं मिल सके। इससे लोगों को इन सेवाओं के ठप होने का कारण नहीं मालूम हो सका। जिले में लेखपाल भर्ती की परीक्षाएं चल रहीं थीं। करीब 18 हजार अभ्यर्थी भी यहां परीक्षा देने दूर दराज से पहुंचे थे। बीएसएनएल की मोबाइल सेवाएं बाधित रहने से उनके परिवारीजन उनसे बात करने को परेशान रहे। सीयूजी नंबरों के भी काम न करने के कारण परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने आदि को लेकर अधिकारी भी खासे परेशान दिखे। सुबह करीब 11 बजे से ठप सेवा के देर सायं तक चालू होने की उम्मीद लगाए बैठे रहे, लेकिन ठप फोन चालू नहीं हो सके। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जिले में करीब एक लाख मोबाइल, ढ़ाई हजार ब्राडबैंड व साढ़े तीन हजार के करीब बेसिक फोन धारक हैं।
पीलीभीत को दुनिया से जोड़ने के लिए हल्द्वानी-पीलीभीत, पीलीभीत-बरेली तथा शाहजहांपुर वाया बीसलपुर (पीलीभीत) तीन स्थानों से कनेक्टीविटी की सुविधा है। सुबह जानकारी हुई कि तीनों रूट की कनेक्टीविटी अचानक कट गई है, जिससे पीलीभीत जिले की बीएसएनएल की सभी सेवाएं ठप हो गई हैं। इसके रख रखाव का कार्य एनटीआर के जिम्मे है लिहाजा उनके अधिकारियों से इसे यथा शीघ्र शुरू किए जाने को कहा गया है। उनके मंडल अभियंता ने बताया है कि व्यवस्था ठीक कराने को टीम मौके पर भेजी है।
संजय प्रसाद, टीडीएम