फुंका बिजली ट्रांसफार्मर न बदले जाने से दूसरे दिन भी पांच सौ उपभोक्ताओं के घरों, प्रतिष्ठानों में अंधेरा छाया रहा। इसको लेकर उपभोक्ताओं में रोष देखा गया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने बृहस्पतिवार सुबह तक ट्रांसफार्मर न बदलने पर ब्लाक चौराहा पर जाम लगाकर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
एसडीओ कार्यालय के समीप रखा 630 केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर मंगलवार अपरान्ह को फुंक गया था। धूं-धूं कर जल रहे बिजली ट्रांसफार्मर की आग को कर्मचारियों ने बमुश्किल बुझाया। ट्रांसफार्मर फुंकने से नगर के स्टेशन रोड, ब्लाक चौराहा, मोहल्ला गनेशगंज, रजागंज के कुछ हिस्से की बिजली सप्लाई गुल हो गई। फुंका ट्रांसफार्मर दूसरे दिन भी नहीं बदला जा सका। इससे उक्त ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब पांच सौ उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों में अंधेरा छाया रहा। अवर अभियंता सुधीर शर्मा ने बताया कि 630 केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर शाहजहांपुर में मिल गया है। ट्रांसफार्मर तको लाने को लिए वाहन को भेजा गया है। बृहस्पतिवार सुबह तक ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाई सुचारू करा दी जाएगी। उधर, बिजली ट्रांसफार्मर दूसरे दिन भी न बदले जाने पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष हाजी लाडले ने रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को सुबह तक बिजली ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। तब अपरान्ह को ब्लाक चौराहा पर जाम लगाकर बिजली विभाग के अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन होगा।
फिर बदला बिजली सप्लाई का शेड्यूल
पूरनपुर। नगर क्षेत्र में बिजली सप्लाई का शेेड्यूल फिर बदल गया है। अब सुबह सवा छह बजे से अपरान्ह सवा दो बजे और शाम को पांच बजे से शाम नौ बजे तक बिजली सप्लाई मिलेगी। अब तक सुबह पांच बजे से दस बजे और अपरान्ह तीन बजे से शाम आठ बजे तक बिजली सप्लाई मिल रही थी। एसडीओ (बिजली) सौरभ भारद्वाज ने बताया कि बिजली की उपलब्धता बढने पर अब बारह घंटे बिजली सप्लाई दी जाएगी। अब तक दस घंटा बिजली सप्लाई दी जा रही थी।