शहर के रामस्वरूप पार्क में खराब हुआ ट्रांसफॉर्मर। शिकायतकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत। विजय की मौत होने की घटना से विद्युत निगम के अधिकारी बुधवार को भी डरे रहे। शहर में कई स्थानों पर फाॅल्ट हुए और अफसरों तक उपभोक्ताओं ने फोन कर शिकायतें कीं, लेकिन अधिकारी संविदा, आउटसोर्सिंग व स्थायी लाइनमैनों से फाॅल्ट सही कराने की हिम्मत नहीं जुटा सके। इस वजह से छतरी चौराहा, टनकपुर रोड सहित शहर की 12 कॉलोनियों में तीन से चार घंटे तक बिजली गुल रही। शहर के अशोक कॉलोनी में लगभग आठ घंटे बिजली बाधित रही, जबकि जिम्मेदार अधिकारियों के नंबर स्वीच ऑफ रहे।
बुधवार सुबह से भीषण गर्मी होने से उपभोक्ता बिजली न होने से ज्यादा परेशान दिखे। विजय की अंत्येष्टि के बाद अधिकारी फील्ड में सक्रिय हुए। भीषण गर्मी के चलते बुधवार को शहर के 12 मोहल्लों में ट्रांसफॉर्मर में खराबी व फेस में फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के रामस्वरूप पार्क में लगभग एक बजे रखे ट्रांसफॉर्मर में फाॅल्ट आ गया, कई घंटे तक घने बाजार में दुकानदारों के प्रतिष्ठान पर पंखे, कूलर आदि बंद हो गए।
हालांकि दोपहर तीन बजे उसे सही कराया गया तो शाम पांच बजे फिर लाइन में खराबी आ गई। शहर के रामायण बिहार कॉलोनी के करीब में रखे ट्रांसफॉर्मर में लगी एमसीवी गिर गई, इससे कॉलोनी के लोग तीन घंटे तक परेशान रहे। शहर के मोहल्ला सुनगढ़ी में भी हिंदी भवन गली, गोखले गली की लाइट खंभे से खराब होने के चलते मोहल्ले में दोपहर तीन बजे के बाद से शाम 6 बजे तक बिजली नहीं आई।
शहर के देशनगर मोहल्ले में भी दोपहर एक बजे के बाद फेस खराब होने से लोगो को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, यहां 4 बजे लाइन आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। शहर की अशोक कॉलोनी में आठ घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों के इन्वर्टर तक बंद हो गए। पानी के लिए भी लोग परेशान रहे। अधिशासी अभियंता से लेकर एसडीओ तक उपभोक्ता फोन करते रहे लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किए और न ही विद्युत निगम की ओर से संचालित किए जा रहे व्हाट्सग्रुप में बिजली फाॅल्ट होने से संबंधित शिकायतें भेजी गईं। संवाद