पीलीभीत/बीसलपुर। सीएचसी पर बने रैन बसेरा में ताला लगे होने से तीमारदारों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मरीज के साथ वार्ड में ही तीमारदार परेशानी के बीच रात गुजारने पर मजबूर हैं। इसके अलावा बरखेड़ा सीएचसी पर भी अव्यवस्थाएं हावी मिलीं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के सर्दी के मौसम में ठहरने के लिए विभाग ने काफी समय पूर्व स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक कक्ष में रैन बसेरा बनवाया। रैन बसेरा बनने से मरीजों के तीमारदारों में खुशी की लहर दौड़ गई थी। विभागीय तानाशाही के चलते तीमारदारों की यह खुशी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सकी। अधिकारियों ने बनते ही उसमें ताला डलवा दिया था, जो अभी भी पड़ा हुआ है। ताला पड़ा होने के कारण रात में आने वाले मरीजों को कड़ाके की सर्दी में ठिठुरना पड़ता है।
-
बरखेड़ा सीएचसी पर भी लटक रहे ताले
बरखेड़ा। अधिकारियों के निर्देश पर बरखेड़ा सीएचसी पर बने पुराने रैन बसेरा को बंद कर नया रैन बसेरा तो बनाया गया, लेकिन नए रैन बसेरा का अब-तक ताला ही नहीं खोला गया है। ऐसे में मरीजों को इस रैन बसेरा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि रैन बसेरा में महज खानापूर्ति कर कागजी कार्रवाई को पूरा किया गया है। जबकि हकीकत में बंद कक्ष के अंदर मानक के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
सख्ती के बाद जिला अस्पताल में सुधरीं व्यवस्थाएं
पीलीभीत। जिला अस्पताल में भर्ती वार्ड के पास में रैन बसेरा बनाया गया है। यहां शुरुआती दिनों में काफी अव्यवस्थाएं फैली रहीं। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की सख्ती के बाद यहां की व्यवस्थाएं दुरूस्त कराई गई। मंगलवार को रैन बसेरा में रात गुजारने वाले बिलसंडा क्षेत्र के गांव ईंटगांव निवासी रमेश ने बताया कि रात में हीटर आदि की व्यवस्था अस्पताल प्रशासन की ओर से की गई थी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रैन बसेरा 24 घंटे खुला रहना चाहिए। रैन बसेरा में ताला पड़ा होने के कारण लोगों को इससे लाभ नहीं मिल पा रहा है।- हिमांशु त्रिपाठी, गांव चौसर हरदो पट्टी, बीसलपुर।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रैन बसेरा में मानक के रूप सभी सुविधाएं होनी चाहिए। जिससे उसमें ठहरने वाले तीमारदारों को पूरा लाभ मिल सके।- राजू शर्मा, गांव बैरा, बीसलपुर।
रैन बसेरा खोलने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कहीं ऐसा हो रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. आलोक शर्मा, सीएमओ।
बरखेड़ा सीएचसी पर बने रैन बसेरा में लगा ताला।संवाद- फोटो : स्रोत : संगठन
बरखेड़ा सीएचसी पर बने रैन बसेरा में लगा ताला।संवाद- फोटो : स्रोत : संगठन
बरखेड़ा सीएचसी पर बने रैन बसेरा में लगा ताला।संवाद- फोटो : स्रोत : संगठन