पूरनपुर। घर से बाइक लेकर निकले कंबाइन चालक माधोटांडा थाना के गांव बसंतपुर नौनेर निवासी गुरबाज सिंह (30) का शव पांचवें दिन गांव तकिया दीनारपुर के समीप एक खंडहर में क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव बसंतपुर नौनेर निवासी गुरबाज सिंह कंबाइन चालक था। बुधवार को घर से बाइक लेकर पूरनपुर जाने की जानकारी देकर निकला था। इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। बुधवार रात करीब 10:30 परिजन के फोन करने पर गुरबाज ने कुछ देर बाद घर आने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसका इंतजार कर सो गए। अगले दिन गुरबाज का मोबाइल बंद बताता रहा। परिजन तब से उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को गुरबाज के पिता जसवंत सिंह ने परिजन के साथ गांव बराही के पूर्व प्रधान सुखदीप सिंह लाडी से मिलकर पुत्र के लापता होने की जानकारी दी। साथ ही माधोटांडा थाने पहुंचकर पुत्र की गुमशुदगी की तहरीर दी।
रविवार को ही गांव तकिया दीनारपुर के समीप एक खंडहर से आ रही बदबू, बाइक खड़ी होने की जानकारी पर लोगों की भीड़ लगी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कोतवाल पवन कुमार पांडेय न बताया कि खंडहर से गुरबाज का शव बरामद हुआ। शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। शव पर कोई चोट के निशान नहीं थे। परिजन ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। संवाद
-
हत्या का मचा शोर
पूरनपुर। गुरबाज अपने तीन भाइयों में मंझला था। रविवार को उसका शव मिलने के बाद हत्या का शोर मचा। परिजन भले ही अभी मुंह खोलने से कतरा रहे, लेकिन लोगों में चर्चा है कि युवक किसी महिला के संपर्क में था। खंडहर एक व्यक्ति का है। खंडहर में पहले अपने दोस्त के साथ गुरबाज को आते-जाते भी देखा गया था।